सावधान! WhatsApp पर ज्यादा मैसेज करने वालों पर हो सकती है कानूनी कार्रवाई
वॉट्सऐप (WhatsApp) ने अपने प्लेटफॉर्म के जरिए फेक न्यूज पर लगाम कसने के लिए एक नया कदम उठाया है. वॉट्सऐप अब उन यूजर्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी, जो बहुत ज्यादा मैसेज भेजते हैं यानी बल्क मैसेजिंग या ऑटोमेटेड मैसेजिंग करते हैं. यह बात कंपनी ने एक अपडेट में कही है. वॉट्सऐप अपने सर्विस टर्म्स का उल्लंघन करने वाले यूजर्स को बैन भी कर सकती है.
वॉट्सऐप के FAQ सेक्शन में किए गए अपडेट के मुताबिक, कंपनी 7 दिसंबर 2019 से ऐसे किसी भी यूजर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सकती है, जो इस प्लेटफॉर्म के जरिए गलत बातें, अफवाहें फैलाने या गलत कामों में शामिल हैं या दूसरों की इसमें मदद करते हैं. यह कंपनी के सर्विस टर्म का उल्लंघन है. इस उल्लंघन के तहत बल्क या ऑटोमेटेड मैसेजिंग या नॉन पर्सनल यूज के मैसेज भी आते हैं. वॉट्सऐप पेज पर ‘unauthorised usage of WhatsApp’ टाइटल के तहत मौजूद इस नए अपडेट में कहा गया है कि कंपनी अपने प्लेटफॉर्म का प्राइवेट नेचर बेहतर बनाने के लिए और यूजर्स को सेफ रखने के लिए प्रतिबद्ध है.
प्राइवेट मैसेजिंग के लिए है वॉट्सऐप
वॉट्सऐप ने एक बार फिर दोहराया है कि इसका प्लेटफॉर्म प्राइवेट मैसेजिंग और बिजनेस ऐप के जरिए ऑर्गेनाइजेशंस के लिए कस्टमर्स से जुड़ने व बातचीत करने के लिए है. साथ ही यह भी कहा है कि स्पैम मैसेजेस को कंपनी बर्दाश्त नहीं करेगी. वॉट्सऐप के इस नए कदम से यूजर्स द्वारा प्लेटफॉर्म को कैसे इस्तेमाल किया जाता है, इसे प्रभावी रूप से नियंत्रित भी किया जा सकेगा.
हर माह 20 लाख अकाउंट कर रही बैन
वॉट्सऐप प्रवक्ता के हवाले से दी गई द इंडिपेंडेंट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने अपने प्लेटफॉर्म का गलत इस्तेमाल करने वाले अकाउंट्स की पहचान की दिशा में भी कोशिशें बढ़ा दी हैं. कंपनी हर माह ग्लोबली 20 लाख अकाउंट बैन कर रही है.

Comments
Post a Comment